कारगी क्षेत्र में हिमालयन स्कूल के सामने सड़क किनारे स्थित नाले में लगातार कूड़ा डाला जा रहा है। इसके कारण न केवल नाला जाम होने लगा है बल्कि आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। जल निकासी प्रभावित हाेने से बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
शिक्षण संस्थान के सामने गंदगी फैलने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और राहगीरों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खुले में पड़े कचरे से दुर्गंध फैलने के साथ-साथ मच्छरों और अन्य रोग फैलाने वाले कीटों के पनपने का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की है। उनका कहना है कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। नगर निगम द्वारा घर-घर से कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था की गई है, इसलिए सभी को निर्धारित माध्यम से ही कचरे का निस्तारण करना चाहिए।
जागरूक नागरिकों ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही पूरे क्षेत्र की स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे नालों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने से बचें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।