15 टन कूड़ा निकलता है प्रतिदिन
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पालिका क्षेत्र की आबादी 27,102 थी। इस आबादी के अनुसार प्रतिदिन 10 टन कूड़ा निकलता है। अब आबादी बढ़ कर 80 हजार से अधिक हो गई है और प्रतिदिन 15 टन कूड़ा निकल रहै है। चारधाम यात्रा के दौरान उत्तरकाशी में प्रतिदिन 20 टन कूड़ा जमा होता है। पालिका क्षेत्र में 11 वार्ड हैं। पालिका क्षेत्र करीब 12 वर्ग किमी के दायरे में फैला हुआ है।
कूड़ा निस्तारण केंद्र अधर में
नगर पालिका की तिलोथ के समीप कूड़ा निस्तारण केंद्र के निर्माण की योजना अधर में लटक गई है। इसके लिए प्रशासन ने उत्तरकाशी-लंबगांव रोड पर पालिका को करीब आठ नाली भूमि उपलब्ध कराई थी। पालिका ने 3.12 करोड़ की डीपीआर भी तैयार की थी लेकिन मंजूर 2.58 करोड़ रुपये ही हुए। ढाई करोड़ से भूमि समतलीकरण व सुरक्षा दीवार का निर्माण किया गया। जांच में बजट खर्च में गड़बड़ी सामने आई है जिससे कूड़ा निस्तारण केंद्र की योजना लटकी हुई है।
हाईकोर्ट ई-मेल पर भी नहीं हुई कार्रवाई
कुछ समय पहले हाईकोर्ट नैनीताल ने कूड़े की समस्या के निदान के लिए एक ई-मेल आईडी जारी की थी। हाईकोर्ट ने इस मेल पर आने वाली शिकायतों के तत्काल निस्तारण के निर्देश भी दिए थे। क्षेत्र के अमेरिकन पुरी ने बताया कि उन्होंने तांबाखाणी में डंप कूड़े से नदी के प्रदूषित होने के संबंध में इस मेल आईडी पर कई बार शिकायत दर्ज कराई लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाई।
जल्द हटेगा कूड़ा
कूड़े को हटाने के लिए निविदा के माध्यम से एजेंसी का चयन कर लिया गया है। वर्क ऑर्डर जारी किया जा रहा है। जल्द कूड़े को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। -शिव सिंह चौहान, ईओ,नगर पालिका उत्तरकाशी। पालिका कर रही कार्रवाई तांबाखाणी से कूड़ा हटाने के लिए पालिका कार्रवाई कर रही है। भागीरथी में कूड़ा गिरने की शिकायत पर समय-समय पर पालिका प्रशासन को निर्देशित किया जाता है।
- अभिषेक रुहेला, डीएम, उत्तरकाशी।