उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से पहली बार उत्तर प्रदेश ने दिवाली पर हरकी पैड़ी के लिए पर्याप्त गंगाजल छोड़ा। शनिवार रात से भीमगोडा बैराज के लिंक चैनल से सिंचाई विभाग ने अतिरिक्त गंगाजल छोड़ना शुरू किया। गौरतलब है कि राज्य का बंटवारा होेने के बाद भी हरिद्वार की गंगनहर का संचालन उत्तरप्रदेश सिंचाई विभाग ही करता है।
उत्तरी खंड गंगनहर हेडवर्क्स के एसडीओ सुशील यादव ने बताया कि लिंक चैनल में सफाई का काम पूरा हो गया है। इसलिए हरकी पैड़ी के लिए अतिरिक्त जल छोड़ने का निर्णय लिया गया है। महालक्ष्मी पूजन के लिए रविवार सुबह जब लोग स्नान और पूजा के लिए हरकी पैड़ी पहुंचेंगे तो श्रद्धालुओं को पवित्र डुबकी लगाने के लिए पर्याप्त जल मिलेगा।
वर्षों बाद श्रद्धालुओं को दिवाली पर हरकी पैड़ी पर पर्याप्त जल मिल रहा है। जबकि इससे पहले प्रत्येक वर्ष उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के खिलाफ स्थानीय स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किए जाते थे। लेकिन इस बार यूपी ने गंगा क्लोजर के दौरान भी जलप्रवाह बनाए रखा।
एसडीओ सुशील यादव ने बताया कि मायापुर से आगे मुख्य गंगनहर अभी 10 नवंबर तक वार्षिक रखरखाव के लिए बंद रहेगी। हरकी पैड़ी पर जो अतिरिक्त जल छोड़ा जा रहा है उसे मायापुर से कनखल की ओर मोड़ा जाएगा फिर वह गंगा में मिल जाएगा।