हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मुकदमों में फंसाने का भय दिखाकर कारोबारी से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का ऋषिकेश पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके पास से नकदी, मोबाइल फोन और कई डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं।
कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज शिकायत के अनुसार गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता ने बताया कि कुछ लोग लगातार उन्हें और उनके परिवार को हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे थे।शिकायत में कहा गया कि अनुज गोयल खुद को पुलिस से सेटिंग रखने वाला बताता था और मामला दबाने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
डर और दबाव के चलते आरोपितों ने कारोबारी से शुरुआती तौर पर दो लाख रुपये भी वसूल लिए थे। इसके बाद भी लगातार बाकी रकम मांगी जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश की निगरानी में टीम ने मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: कैबिनेट का फैसला; मदरसों को मान्यता व पंजीकरण के लिए देना होगा शुल्क, नियमावली को मंजूरी
जांच के दौरान शुभम चौहान की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से एक लाख 83 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह रकम कारोबारी से वसूले गए पैसों का हिस्सा थी। इसके बाद मुख्य साजिशकर्ता अनुज गोयल को लच्छीवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।