फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैरसैंण में कैबिनेट बैठक आज, सरकार तैयार, विपक्ष ने दी मुद्दों को धार

Wed, 06 Dec 2017 09:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
Prakash Pant - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
गैरसैंण में गुरुवार से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के गर्माहट भरा होने की उम्मीद है। एक ओर तो विपक्ष भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के तीरों से सत्ता पक्ष पर हमले करेगा, वहीं सत्ता पक्ष ने भी इससे निपटने की रणनीति तैयार कर ली है।
विज्ञापन


इस लिहाज से सत्र के पूर्व बुधवार से भराणीसैंण में बैठकों के दौर शुरू होंगे। इसमें सरकार प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक करेगी। इसमें उन प्रस्तावों को हरी झंडी दिखाई जा सकती है, जिन्हें सदन पटल पर रखा जाना है। इसी दिन कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी, जिसमें सदन की कार्यवाही का एजेंडा तय होगा। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस विधायक मंडल दलों की बैठक में पक्ष-विपक्ष अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।

बुधवार को भराणीसैंण में शाम पांच बजे मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। इसमें अनुपूरक बजट के अतिरिक्त कुछ अन्य प्रस्तावों को भी शामिल किया  है।
विज्ञापन


इसमें आबकारी एक्ट में संशोधन संबंधी एक प्रस्ताव शामिल किया गया है, जिसमें शराब के लाइसेंसधारी व्यवसाइयों के विरुद्ध जुर्माना बढ़ाने की बात है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में एसएमई सेक्टर में उद्योग लगाने संबंधी दस करोड़ तक के निवेश प्रस्तावों को जिलाधिकारियों के स्तर पर मंजूरी देने का राजस्व विभाग का प्रस्ताव भी शामिल है।

उच्च शिक्षा विभाग के एक प्रस्ताव में निजी और सरकारी विश्वविद्यालयों का फीस स्लैब तय करने और शहरी विकास विभाग की ओर से नगर निगमों में पार्षदों की संख्या को लेकर कानून बनाने संबंधी प्रस्ताव शामिल हैं।

कैबिनेट की बैठक का समय करीब एक घंटा निर्धारित किया  है। इसके बाद कार्यमंत्रणा समिति के अलावा भाजपा और कांग्रेस विधायक मंडल दलों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र की तैयारी एवं रणनीति बनाई जाएगी। गुरुवार को सदन का शीतकालीन सत्र शुरू होगा। इसमें अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। सत्र में कई मुद्दों पर पक्ष-विपक्ष आमने-सामने होंगे।
विज्ञापन

सदन के भीतर विपक्ष अपनी रणनीति को देगा अंतिम रूप

trivendra singh rawat
 विपक्ष ने गैरसैंण (भराड़ीसैंण) विधान सभा सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों को धार दे दी है। बुधवार को भराड़ीसैंण में कांग्रेस विधायक मंडल दल की बैठक होगी जिसमें पार्टी विधायक कुछ और मुद्दे तय कर सकते हैं। बैठक में सदन के भीतर विपक्ष अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगा।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत पार्टी के सभी सदस्य आज भराड़ीसैंण पहुंच जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष सदन के भीतर उठाए जाने वाले मुद्दों का खुलासा कर चुकी है। विपक्ष निकायों के सीमा विस्तार के मुद्दे पर खासा मुखर है।

सदन के भीतर और बाहर उसकी इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सात दिसंबर को जिला मुख्यालयों पर धरने-प्रदर्शन का ऐलान किया है। उसी दिन सत्र के अंदर विपक्ष इस मुद्दे को गरमाने की तैयारी में है। इसके अलावा विपक्ष की रणनीति एनएच-74 के मुद्दे को एक बार फिर गरमाने की है।

विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर सकता है। किडनी कांड, जमीनों की खरीद फरोख्त, कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी वह सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। बेरोजगारी के मुद्दे पर भी विपक्ष सरकार से सवाल पूछेगा। चारधाम ऑलवेदर रोड व ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के मुद्दा सदन में गरमा सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें