नरेंद्रनगर में होने वाली जी-20 की एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप की बैठक उत्तराखंड के लिए दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले रामनगर में जी-20 की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। राज्य में जी-20 की सभी बैठकों के हमारे अनुभव अविस्मरणीय रहेंगे। इसके साथ ही जी-20 देशों से आने वाले विदेशी प्रतिनिधि भी अपने साथ राज्य की नैसर्गिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति, अनूठे ग्रामीण जीवन के बेहतरीन अनुभव लेकर यहां से जाएंगे। जी-20 के सम्मेलन राज्य के लिए नए अवसर, नए अनुभव, अपनी पारंपरिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक विरासत, पर्यटन की क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का स्वर्णिम अवसर है।
ओणी गांव में मेहमान नजदीक से देखेंगे पहाड़ का रहन-सहन और संस्कृति
सम्मेलन के दौरान नरेंद्रनगर के ओणी गांव में विदेशी मेहमान पहाड़ के ग्रामीण परिवेश और मॉडल गांव का दीदार करेंगे। ऋषिकेश से करीब 14 किमी. की दूरी पर स्थित ओणी गांव में करीब दस करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए गए हैं। गांव को उत्तराखंड की पारंपरिक शैली के मॉडल गांव के रूप में विकसित किया गया है। गांव में सौंदर्यीकरण के साथ ही घरों को पारंपरिक ऐपण कला के साथ अन्य सांस्कृतिक-परंपरा और पारंपरिक वेशभूषा से जुड़ी चित्रकारी से जीवंत किया गया है।