जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए सूबेदार अजय वर्धन तोमर के अंतिम दर्शनों के लिए दून में लोग उमड़ पड़े। नारों की गूंज के बीच राज्यपाल अजीज कुरैशी, सीएम हरीश रावत समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने शहीद के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। बाद में हरिद्वार में राजकीय सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया।
गढ़वाल राइफल के सूबेदार अजय वर्धन तोमर जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा-नौगाम सेक्टर में शहीद हो गए थे। सेना की टुकड़ी बृहस्पतिवार देर रात शव लेकर माजरी माफी स्थित आवास पर पहुंची। शुक्रवार सुबह नौ बजे पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
राज्यपाल अजीज कुरैशी ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित किया। परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राणों का बलिदान करना देवभूमि की परपंरा रही है, जिसे तोमर ने आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शहीद के परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, कैंट विधायक हरबंस कपूर, रायपुर विधायक उमेश काऊ, मसूरी विधायक गणेश जोशी, डोईवाला विधायक हीरा सिंह बिष्ट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रमुख सचिव गृह एमएच खान, मुख्य सचिव एन रविशंकर, डीएम चंद्रेश यादव, एसएसपी अजय रौतेला समेत सैकड़ों लोगों ने तोमर की शहादत को याद करते हुए अंतिम विदाई दी। गढवाल राइफल्स की टुकड़ी ने शहीद सूबेदार तोमर को अंमित सलामी दी। इसके बाद अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हो गई।