स्वतंत्रता सेनानी का एक और फर्जी पोता
- फोटो : माई सिटी रिपोर्टर
दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी धर्मवीर वर्मा के फर्जी नातेदारों की झड़ी लगी है। वर्मा के असल परिवार ने तो कभी कोटे का लाभ लिया नहीं लेकिन उनके उत्तराधिकारी बनकर लाभ लेने वालों की जैसे जमघट लगा है। इस क्रम में बृहस्पतिवार को भी एक आदित्य नाम के युवक का नाम सामने आया है। आदित्य ने मोथरोवाला का रहने वाला दर्शाते हुए स्वयं को स्वतंत्रता सेनानी धर्मवीर वर्मा का पोता बताया है। पिता का नाम हरीश चंद लिखा हुआ है। प्रशासन ने इस प्रमाणपत्र की भी जांच शुरू कर दी है।
खुद को वर्मा के नाती, नातिन और पोता-पोती बताने वालों की संख्या अब तक सात पहुंच चुकी है। सबसे पहले तृप्ति, स्वाति, खुशी और परी नाम की छात्राओं का नाम सामने आया था। इन्होंने एमबीबीएस में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर दाखिला पा भी लिया था। जांच हुई तो न सिर्फ यह प्रमाणपत्र बल्कि उनका स्थायी निवास प्रमाणपत्र भी फर्जी पाए गए। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज हुई और परी के पिता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में एक अन्य युवक का नाम सामने आया जिसका स्थायी पता भी गलत पाया गया। दो दिन पहले प्रशासन के पास पार्थ वर्मा नाम से भी एक प्रमाणपत्र पहुंचा था।