मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत दून विश्वविद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क क्लास लगेगी। इसमें छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीती सात सितंबर को उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों-विश्वविद्यालय परिसरों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए योजना शुरू की थी। इस संबंध में विवि की ओर से अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी किया है।
योजना के तहत विवि में छात्र-छात्राओं को सिविल सेवाएं (आईएएस-पीसीएस), रक्षा सेवाएं (सीडीएस), बैंकिंग, रेलवे व एसएससी की परीक्षाएं और प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए योग्यता निर्धारण परीक्षाएं के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। छात्र-छात्राओं का चयन ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। कोचिंग के लिए इस वर्ष विवि में अध्ययनरत स्नातक-स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं और शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्तीर्ण स्नातक-स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक व पात्र छात्र https://dreamerseduhub.com/DoonMYBNY/ पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।