फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: पत्रकार बनकर वसूली कर रहा जालसाज गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने खुद को पत्रकार बताकर एक व्यक्ति को ब्लैकमेल करने और झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने के आरोपी रजत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को लगातार फोन कर गाली-गलौज और धमकी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक पीड़ित से साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की रकम वसूल चुका था।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार ठाकुरपुर लक्ष्मीपुर निवासी राकेश कुमार ने 25 अगस्त को प्रेमनगर कोतवाली में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके परिचित प्रकाश चंद की करीब 250 गज जमीन पर छह दुकानें बनी हैं। दुकानों के निर्माण के दौरान रजत सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को पत्रकार बताते हुए धमकी दी कि वह दुकानों के गोल्डन फॉरेस्ट की जमीन पर बने होने की झूठी खबर अपने चैनल पर प्रसारित कर देगा।
शिकायत के अनुसार खबर प्रसारित नहीं करने के एवज में आरोपी ने रुपये की मांग की। अलग-अलग तारीखों में रजत सिंह करीब ढाई लाख रुपये नकद और 97 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से ले चुका था। इसके बाद आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित से पांच लाख रुपये और मांगने लगा। रकम नहीं देने पर झूठी खबरें प्रसारित करने और जान से मारने की धमकी दी गई।
विज्ञापन

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि मामले में प्रेमनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और अभिलेखीय साक्ष्य जुटाने के बाद मुख्य आरोपी रजत सिंह (28) निवासी सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में भी प्राथमिकी दर्ज है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें