बालावाला में एक ही जमीन को दूसरी बार बेचकर लाखों रुपये की रकम ऐंठ ली गई। रजिस्ट्री कराने के बाद पीड़ित कब्जा लेने गया तो पता चला कि आरोपी एक साल पहले ही जमीन बेच चुका है। एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर रायपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
धर्मपुर के शास्त्रीनगर निवासी अनिल के मुताबिक उन्होंने शमशेरगढ़ निवासी दिवाकर नैनवाल से 19 दिसंबर 2015 को बालावाला में 105 वर्ग मीटर भूमि खरीदी थी। रजिस्ट्री के बाद कब्जा लेने गए तो वहां मौजूद बिमला देवी ने बताया कि यह जमीन छह मार्च 2014 को उन्होंने दिवाकर नैनवाल से खरीदी थी। पीड़ित का आरोप है कि नैनवाल ने रकम हड़पने के लिए एक ही जमीन के दो बार रजिस्ट्री करा दी।
ओएलएक्स से स्कूटी खरीदने के चक्कर में 45000 गंवाए
ओएलएक्स पर स्कूटी खरीदने के फेर में एक व्यक्ति ठगी का शिकार हो गया। भारतीय सेना का जवान बताकर ठग ने उससे 45 हजार 500 रुपये ठग लिए। डालनवाला के चंदर रोड निवासी मनवीर राणा ने ओएलएक्स पर एक सेकेंट हैंड स्कूटी का विज्ञापन देखा था। उन्होंने विक्रेता को फोन किया तो उसने अपना नाम तेजस्वी चौहान बताया है। चौहान ने बताया कि वह सेना में है और उसका स्थानांतरण हरिद्वार से जम्मू कश्मीर हो गया है। इसलिए वह स्कूटी बेचना चाहता है। तीस हजार रुपये में सौदा तय होने के बाद एडवांस के रूप में 5150 रुपये उन्होंने चौहान के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बकाया राशि 24850 रुपये भी छह जुलाई को भेज दिए। अगले दिन कोरियर एजेंसी से कॉल आई तो सिक्योरिटी के तौर पर 15500 रुपये की मांग की गई। कहा गया कि 15000 रुपये बाद में वापस हो जाएंगे। यह रकम खाते में स्थानांतरित होने के बाद आरोपी ने स्कूटी दिए बिना ही अपना मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि तेजस्वी चौहान नाम का शख्स इसी तरह कई और लोगों को ठग चुका है।
किसी और की जमीन को बेच ठगे नौ लाख रुपये
सुद्दोवाला में पूर्व में बेची गई जमीन की रजिस्ट्री कराकर नौ लाख रुपये ठग लिए। एसआईटी जांच के आधार पर प्रेमनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पटियाला निवासी शेरजंट सिंह और सहारनपुर के साढ़ौली कदीम निवासी किरणपाल सिंह ने प्रेेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि यमुनानगर निवासी गजराज से उन्होंने सहारनपुर में जमीन खरीदी थी। गजराज ने उन्हें झांसा दिया कि वह सुद्दोवाला में प्लाटिंग कर रहा है, जिसका रेट अभी काफी कम है। आरोपी ने दोनों के साथ साझेदारी में प्लाट खरीदने का प्रस्ताव रखा। गजराज ने तीन लाख 65 हजार रुपये रुपये मिलाकर प्लाट का बैनामा करा दिया। रजिस्ट्री के समय बाकी दोनों साझेदारों ने नौ लाख रुपये दिए थे। सौदा 20 लाख में होना बताया गया। गजराज ने दावा किया कि बाकी रकम के चेक उसने विक्रेता को दे दिए हैं। इसी बीच मामले की शिकायत पर एसआईटी से नोटिस आया तो पता चला कि यह प्लाट पहले ही बेचा जा चुका है। प्रेमनगर पुलिस ने जालसाजी की धारा में गजराज आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कांग्रेस नेता के खाते से उड़ाए 48 हजार
जालसाजों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की डाटा एनॉलेटिक्स विंग के प्रदेश संयोजक दीवान सिंह के खाते से करीब 48 हजार रुपये उड़ा लिए। जालसाजों ने 38 मिनट में कुल 166 मल्टीपल ट्रांजेक्शन (एक खाते से दूसरे और दूसरे से तीसरे खाते में ट्रांसफर) किए। साइबर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कांग्रेस नेता का कहना है कि उन्होंने डेबिट कार्ड के गुप्त कोड और ओटीपी किसी को नहीं बताया था।
दीवान सिंह के बैंक खाते से रकम निकालने का यह सिलसिला बुधवार शाम छह बजे शुरू हुआ। अगले 38 मिनट तक उनके मोबाइल पर एक के बाद एक रकम निकासी के एसएमएस आते रहे। कांग्रेस नेता दीवान सिंह उस समय कार चला रहे थे। उन्होंने कार रोक कर भारतीय स्टेट बैंक के टोल फ्री नंबर पर काल कर एटीएम कार्ड को ब्लाक कराने का अनुरोध किया। कार्ड के फ्रीज होने तक 479892 रुपये की निकासी हो चुकी थी। दीवान सिंह ने बृहस्पतिवार को साइबर और बसंत विहार थाने में इसकी लिखित शिकायत की। उन्हाेंने बताया कि उन्होंने लंबे समय से अपने डेबिट कार्ड का प्रयोग नहीं किया है। दूसरा किसी को ओटीपी आदि भी नहीं बताया।