महाराष्ट्र के नागपुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति को माध्यम बनाकर क्षेत्र के चार युवकों से नौ लाख रुपये ठग लिए। ठगी का माध्यम बने व्यक्ति की ओर एसएसपी को शिकायत दी गई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसएसपी को दी शिकायत में कोतवाली क्षेत्र के बाबूगढ़ चुंगी निवासी सूरजवीर ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले महाराष्ट्र के नागपुर के कालमेघ नगर, हिंगना रोड निवासी शिवाजीत बिष्ट उनके घर आया। करीब एक सप्ताह तक घर पर ठहरा। उसने उन्हें बताया कि उसकी सीआरपीएफ के नागपुर हेडक्वाटर में सीओ से अच्छी जान पहचान है। कहा कि अपनी जान पहचान के युवकों से मिलवा दो। वह उन्हें सीआरपीएफ में भर्ती करवा देगा। उसने प्रत्येक युवक से पांच-पांच लाख रुपये लेेने की बात कही। कहा कि 50 फीसदी रुपये पहले और बाकी काम होने के बाद देने होंगे।
शिकायकर्ता ने बताया कि उनकी ओर से चार युवकों से लेकर नौ लाख रुपये नकद, खाते में ट्रांसफर और गूगल पे के माध्यम से शिवाजीत को दिए गए। बताया कि वह शिवाजीत से बार-बार रुपये वापस देने की मांग कर रहे हैं। लेकिन, वह न नौकरी लगवा रहा है न रुपये दे रहा है। बताया कि चारों युवक भी उस पर रुपये वापस देने के लिए दबाव बना रहे हैं। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।