खतौली में हुए उत्कल कलिंगा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद हरिद्वार के एक कंडक्टर, हेड टीटीई और दो टीटीई को दिल्ली तलब किया गया है। चारों कर्मचारी हादसे के समय ट्रेन में सवार थे। कर्मचारियों से दो दिन की पूछताछ चल रही है।
शनिवार को हुए हरिद्वार आ रही उत्कल कलिंगा एक्सप्रेस खतौली के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हरिद्वार में तैनात कंडक्टर मुकेश कुमार, हेड ट्रेन टिकट एक्जामिनर (टीटीई) मोहम्मद इरफान और टीटीई प्रीतम सिंह व क्रांति स्वरूप की उत्कल कलिंगा एक्सपेस में ड्यूटी थी। चारों कर्मचारी निजामुद्दीन से ट्रेन में सवार हुए थे।
खतौली के पास जब ट्रेन घटनाग्रस्त हुई तो कंडक्टर मुकेश कुमार एसी रूम, टीटीई क्रांति स्वरूप एस चार कोच और मो. इरफान और प्रीतम सिंह अन्य कोच में तैनात थे। सबसे करीब से क्रांति स्वरूप ने पूरा हादसा देखा था। हादसे में रेलवे कर्मचारियों को तो कुछ नहीं हुआ।
रविवार की शाम कर्मचारी हरिद्वार पहुंचे तो दिल्ली रेलवे ने चारों कर्मचारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली बुला लिया। बुधवार को उनसे दिल्ली में निजामुद्दीन स्टेशन से लेकर खतौली तक की जानकारी ली गई है। हरिद्वार के मुख्य टिकट निरीक्षक एमएल मीणा ने बताया कि चारों कर्मचारियों से पूछञताछ के बाद बृहस्पतिवार को उनकी वापसी होगी।