जौनसार-बावर क्षेत्र में रविवार रात रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण चार प्रमुख मोटर मार्गों पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। कालसी-चकराता मार्ग पर अति संवेदनशील भूस्खलन जोन जजरेड में पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण सुबह छह बजे से यातायात ठप हो गया। मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी और एलएनटी मशीन की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर हाईवे को सुचारू कराया। बारिश के चलते लोनिवि अस्थाई खंड साहिया के तहत हरिपुर-इच्छाड़ी-क्वानू-मीनस मोटर मार्ग, अस्थाई खंड चकराता का खारसी लिंक मार्ग और पीएमजीएसवाई कालसी का परिहार-सिमोग मोटर मार्ग भी बंद हो गया। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमों ने मलबे और पत्थरों को हटाने का काम शुरू कर दिया।लोनिवि की सहायक अभियंता राधिका शर्मा ने बताया कि जजरेड जोन में यातायात बहाल कर दिया गया है, जबकि अन्य बंद मार्गों से मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। देर शाम तक सभी सड़कों को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।