हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर लाए गए आईएएस प्रशिक्षु
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रनाथ की ट्रेकिंग पर गए प्रशिक्षु आईएएस के दल में शामिल चार अन्य प्रशिक्षु अफसरों को भी बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर देहरादून ले जाया गया है। इन अफसरों ने भी चलने में असमर्थता जताई थी, जबकि 22 प्रशिक्षु पैदल ही ट्रेकिंग पर निकल गए हैं।
इन दिनों प्रशिक्षु आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों का दल जिले में ट्रेकिंग पर निकला है। तीनों दल में 30-30 सदस्य मौजूद हैं। सात अक्तूबर को आईएएस प्रशिक्षु अफसरों का दल मंडल गांव, अनसूया मंदिर होते हुए रुद्रनाथ पहुंचा था। आठ को दल को मंडल लौटना था, लेकिन इनमें से चार अफसरों का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ गया।
उन्हें हेलीकॉप्टर से गुप्तकाशी पहुंचाया गया था। बृहस्पतिवार को दल के अन्य सदस्यों को पैदल रेस्क्यू करने के लिए एसडीआरएफ की टीम पनार बुग्याल पहुंची थी, लेकिन चार अन्य प्रशिक्षु अफसरों के भी चलने में असमर्थता जताने पर उन्हें हेलीकॉप्टर से देहरादून भेज दिया गया है।
अब 22 अधिकारी ट्रेकिंग पर निकल गए हैं। एसडीआरएफ टीम में बहादुर सिंह बजेठा, जीतेंद्र नेगी, नरेंद्र रावत, यशपाल सिंह, मोहन गोस्वामी, श्रीकांत नौटियाल, उपेंद्र इष्टवाल, पैरामेडिक्स कमल सिंह व चालक शूर सिंह मौजूद थे।