- पटेलनगर में हुई वारदात, महिलाओं को पीटा और एक लाख नकद व जेवर लूटे
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र के वन विहार में बृहस्पतिवार की रात चार बदमाश एक घर में लूटपाट करके फरार हो गए। आरोपियों ने घर में मौजूद तीन महिलाओं और बच्चों को डराया-धमकाया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को शराफत अली ने तहरीर दी है कि वारदात आठ जनवरी की रात करीब पौने दस बजे हुई। उस समय वह अपने चाचा की दुकान पर गए हुए थे। तभी चार अज्ञात बदमाश उनके घर में घुसे और उनकी पत्नी रुबीना, सास सबिना, तीन छोटे बच्चे और पड़ोस में रहने वाली नेहा से मारपीट की और डरा-धमकाकर लूटपाट कर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, सभी बदमाशों ने चेहरे ढके हुए थे और उनके पास हथियार भी थे। बदमाशों ने एक लाख रुपये नकद व जेवर लूटे हैं। उन्होंने बताया कि पैसे वह अपने एक रिश्तेदार से लेकर आए थे। थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि पीड़ित कोई नौकरी या व्यवसाय नहीं करते हैं। तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुरुआती तथ्यों के आधार पर रंजिश या लूट की वारदात में किसी जानकार का हाथ होने की आशंका से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।