बर्फबारी, बारिश और चुनाव के मौसम में शासन डॉक्टरों को पहाड़ से नीचे उतार रहा है। पौड़ी जिला अस्पताल के चार डॉक्टरों का तबादला कर दिया है। इससे अस्पताल में दिक्कत पैदा हो गई है। हाल में संयुक्त निदेशक स्तर के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बीसी रमोला का पौड़ी से गांधी शताब्दी अस्पताल दून तबादला किया गया है। अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश की ओर से इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी कर दिया गया।
डेढ़-दो साल पहले डॉ. रमोला का कई सालों के बाद दून अस्पताल से तबादला किया गया था। शासन ने अब फिर उन्हें वापस शताब्दी नेत्र चिकित्सालय बुला लिया है। इसके पहले पौड़ी जिला अस्पताल से डॉ. तृप्ति बहुगुणा का तबादला किया गया था।
वहीं, डॉ. कुमार खगेंद्र और डा. केसी शर्मा का भी पौड़ी जिला अस्पताल से तबादला किया गया था। इससे पौड़ी में डॉक्टरों की कमी हो गई है। रोगी भी प्रभावित हो रहे हैं।
पर्वतीय जिलों के अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहले से ही डॉक्टरों की कमी है। कई डॉक्टरों का पर्वतीय क्षेत्रों में तबादला किया गया, लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया था। इस पर तत्कालीन महानिदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. कुसुम नरियाल ने इन डॉक्टरों को एकतरफा रिलीव किए जाने के आदेश किए थे। चुनाव आचार संहिता लागू होने के पहले शासन ने कुछ डॉक्टरों को पहाड़ से उतारा था। सूत्रों का कहना है कि कुछ डॉक्टरों का तबादला और हुआ है, लेकिन आदेश चुनाव बाद जारी किया जाएगा।