भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा कार्यसमिति की विशेष आमंत्रित सदस्य बचना शर्मा और पूर्व युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े से मुलाकात कर चकराता विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने दैवीय आपदा से हुए नुकसान समेत चार प्रमुख मांगें उठाईं।
ज्ञापन में लाखामंडल शिव मंदिर को धाम घोषित करने, मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा दीवार, छत और आंगन निर्माण की मांग की गई। लाखामंडल की पांडवकालीन गुफाओं और अन्य ऐतिहासिक अवशेषों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया। जौनसार-बावर में महिलाओं के लिए स्वरोजगार, सिलाई-कढ़ाई-बुनाई केंद्र तथा डिग्री कॉलेजों में सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी गई। आपदा में फसल, खेत और पशुधन गंवाने वाले किसानों को मुआवजा देने और यमुना-गंगा तटों पर पक्के घाट बनाने की मांग की। बचना शर्मा के अनुसार, विनोद तावड़े ने मांगों पर संबंधित विभागों से जल्द कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।