विकासनगर। जिला टास्क फोर्स ने विकासनगर और सहसपुर क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने बाजारों, औद्योगिक इकाइयों, होटल-ढाबों, कार्यशाला और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विकासनगर और सहसपुर से दो-दो बाल श्रमिकों को मुक्त करवाया गया। टीम ने तीन कार्यशाला और एक प्रतिष्ठान मालिक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। मुक्त करवाए गए बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिले में बाल श्रम उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासनगर में नौ प्रतिष्ठानों और कार्यशाला का औचक निरीक्षण किया गया। जीवनगढ़ में एबी फैब्रिकेशन और न्यू भारत टायर पंचर में एक-एक बाल श्रमिक काम करते हुए मिले। सहसपुर में भी श्री बालाजी ऑटो रिपेयर पार्ट्स में और लांघा रोड पर ब्रदर्स रेस्टोरेंट में भी एक-एक बाल श्रमिक काम कर रहे थे। टीम ने तीन कार्यशाला और एक प्रतिष्ठान मालिक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी विकासनगर विनोद गुसाईं और सहसपुर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि चारों के खिलाफ बाल श्रम अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद