चारधाम यात्रियों को इमरजेंसी में उपचार के लिए उप जिला अस्पताल विकासनगर लाया जाएगा। अस्पताल के ट्रॉमा केंद्र में यात्रियों के लिए चार बेड आरक्षित किए गए हैं। वहीं, यात्रियों को 24 घंटे तुंरत उपचार देने के लिए मेडिकल अफसरों की टीम बनाई गई है। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों को फोन कर अस्पताल बुलाया जाएगा।
हरबर्टपुर बस अड्डे पर पड़ाव स्थल, चेक पोस्ट, चारधाम यात्रा ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर बनाया गया। कटापत्थर में भी चारधाम यात्रा चेक पोस्ट बनाई गई है। बस अड्डे पर यात्रियों स्क्रीनिंग जांच की जा रही है। स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। यहां यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया जाता है। अधिक तबीयत बिगड़ने पर यात्रियों को उपचार के लिए एंबुलेंस से उप जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया कि अस्पताल में चारधाम यात्रियों के लिए उपचार के लिए चार बेड आरक्षित किए गए हैं। बताया कि आठ घंटे की शिफ्ट में एक-एक मेडिकल अफसर भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में उपचार के लिए जरूरी सभी दवाईयां उपलब्ध हैं।