देहरादून। दुर्लभ काजल की लकड़ी की तस्करी के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लकड़ी कार में ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
डालनवाला पुलिस के अनुसार रात में गश्त के दौरान ग्रेट वैल्यू पिकेट के पास एक कार को रोका गया। कार में सवार लोग संदिग्ध लगे तो तलाशी में कार से चार बोरियों में लकड़ी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की बयान संदिग्ध लगे। इस पर मौके पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर केके भट्ट और बीट अधिकारी राजवीर सिंह चौहान को मालसी रेंज से बुलाया गया। उन्होंने लकड़ी की पहचान दुर्लभ काजल प्रजाति के रूप में की। इस लकड़ी के बाउल (कटोरे) बनाए जाते हैं और बौद्ध सम्प्रदाय में इसकी काफी मान्यता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस लकड़ी की अच्छी खासी मांग है। आरोपियों ने अपने नाम नरेश कुमार निवासी निरपालपुर डोंगवाला थाना चिलकाना, शाहनवाज निवासी जयरामपुर थाना सरसावा, अमृत निवासी लोहनी सराय थाना कुतुबशेर और करण निवासी लोहनी कुतुबशेर सहारनपुर बताए। इन सबके खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।