इंद्रलोक कॉलोनी में इनकम टैक्स के रिटायर्ड अधिकारी के घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए राजपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक एक ट्रैवल एजेंसी में काम करता था और पहले वह अफसर घर में भी ड्राइवर था। आरोपी के कब्जे से चोरी किए हुए सोने चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक इनकम टैक्स के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर अजय सोनकर निवासी इंद्रलोक कॉलोनी कैनाल रोड परिवार के साथ 22 फरवरी को विवाह समारोह में शामिल होने रायबरेली (उत्तर प्रदेश) गए थे। एक मार्च को वह वापस आए तो उनके होश उड़ गए। घर के ऊपरी मंजिल के कमरे से लाखों के सोने चांदी के जेवर चोरी हो गए थे।
आठ मार्च को अफसर की पत्नी अंजू सोनकर ने इस संबंध में राजपुर थाने में तहरीर दी। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद चोरी में किसी करीबी की संलिप्तता उजागर हुई। बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कैनाल रोड धोरण पुल से एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान संतोष थापा उर्फ सिंटू पुत्र रामबहादुर निवासी कैनाल रोड के रूप में हुई।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की घटना में अपना हाथ कबूला। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से एक हार, एक नेक लेस, तीन जोड़ी टॉप्स, तीन अंगूठी, तीन चेन, एक पेंडेल, मोती और रुद्राक्ष और कीमती पत्थर बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 10 वर्ष पूर्व अफसर के घर ड्राइवरी का काम करता था। इसलिए उसे घर के बारे में पूरी जानकारी थी। जब उसे यह पता चला कि पूरा परिवार शादी समारोह में गया हुआ है तो मौका देखकर उसने 25 फरवरी की रात घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरे में वह कैद न हो जाए इसलिए उसने पहले इनवर्टर बंद कर दिया था।