महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एथलेटिक्स व बॉक्सिंग में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. धर्मेंद्र भट्ट ने कहा कि इच्छुक खिलाड़ी स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फार्म डाउनलोड कर जल्द जमा कर दें। इसके बाद आवेदन करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 30 अगस्त को स्पोर्ट्स कॉलेज में सुबह सात बजे होंगे, जिसमें चयनित खिलाड़ियों को प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए 16 से 25 वर्ष आयु (एक जनवरी 2019 को पूरी हो) की अर्हता रखी गई है। बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खिलाड़ियों को उच्च स्तर की ट्रेनिंग दी जाती है। इसके लिए विशेष कोच रखे गए हैं। इसके अलावा इसमें खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है। प्रशिक्षण की समयसीमा एक वर्ष है।