वन रक्षकों ने वन मंत्री और प्रमुख वन संरक्षक के आश्वासन और नई कार्यकारिणी का गठन होने तक आंदोलन स्थगित रखने का फैसला किया है। संघ कार्यालय में उत्तराखंड वन आरक्षी/ वन बीट अधिकारी संघ के बैनर तले आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वन दरोगा पद पर सीधी भर्ती का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
इसके अलावा शासन को तत्काल वन रक्षक से वन दरोगा बनने के लिए दस वर्ष की सेवा की बाध्यता को खत्म करने की घोषणा करनी चाहिए। वन रक्षकों ने उत्तराखंड कार्मिक, शिक्षक आउटसोर्स संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आयोजित शक्ति प्रदर्शन को समर्थन देने का भी निर्णय लिया है। बैठक में उत्तराखंड वन आरक्षी/ वन बीट अधिकारी संघ का द्विवार्षिक चुनाव 15 से 30 जून के मध्य कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र प्रसाद पांडे ने की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री अनिल पंवार, बृजमोहन रावत, ओपी सिंह, चंद्रशेखर भट्ट, प्रकाश अंत्थवाल, आशीष कोठारी, दिगंबर खंडूरी, धर्मपाल सिंह नेगी समेत अन्य मौजूद थे।