रुद्रप्रयाग के देवरिया ताल से चोबट्टा बुग्याल के लिए निकले विदेशी ट्रैकरों और गाइड का दल रास्ता भटक गया था। जिन्हें दो दिन बाद एसडीआरएफ द्वारा सकुशल खोज लिया गया है।
बुधवार की रात सोनप्रयाग पुलिस चौकी को एक गाइड सहित 02 विदेशी ट्रैकरों के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर एसडीआरएफ की एक टीम सर्चिंग हेतु आज सुबह पांच बजे देवरिया ताल ट्रैकर रूट को रवाना हुई।
सुबह करीब 9: 45 बजे टीम द्वारा देवरिया चोबता रूट से करीब 3-4 किमी. दूर रास्ता भटक चुके फ्रांस निवासी एलेक्जेंडर (28) और क्लोई ( महिला उम्र 29) को गाइड शुशांत पंवार (24) सहित ढूंढ निकाला। जिसके बाद उपरोक्त ट्रैकर एवं गाइड टीम के साथ ऊखीमठ को रवाना हुए।
पौड़ी निवासी गाइड शुशांत ने बताया कि ये लोग 13 मार्च को गुप्तकाशी से देवरिया ताल होते हुए चोबट्टा बुग्याल रूट को रवाना हुए थे। खराब मौसम और भारी बर्फ के कारण रूट की स्पष्ट जानकारी नहीं हो पाई और रास्ता भटक गए। टीम प्रभारी हेडकांस्टेबल महिपाल ने बताया कि दोनों ट्रैकर और गाइड सुरक्षित हैं।