अपर पुलिस महानिदेशक कारागार अभिनव कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कारागार अधीक्षकों की बैठक ली। कहा कि किसी भी कारागार से कोई आपराधिक गतिविधि का संचालन ना हो। कारागार को अपराधियों की शरणस्थली ना बनने दिया जाए।
अपर पुलिस महानिदेशक कारागार अभिनव कुमार ने कहा कि कार्यभार संभालते समय सीएम धामी ने स्पष्ट दिशा निर्देश दिये थे कि एक आधुनिक, प्रभावशाली और चुस्त-दुरूस्त जेल विभाग उनकी सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जेल विभाग को सभी संसाधन उपलबध कराए जाएंगे। इस दौरान कारागार विभाग का कैडर रिव्यू करने, नये वाहनों का क्रय करने, नवीन आपराधिक कानूनों के अनुसार बंदियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी और रिमांड किए जाने की व्यवस्था करने। साथ ही सभी कारागार अधिकारियों का वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। कहा कि बंदी को न्यायालय में नियत तिथि पर प्रस्तुत करने में यदि कोई लापरवाही होती है तो संबंधित कारागार प्रभारी पर कार्रवाई की होगी। अपर पुलिस महानिदेशक कारागार ने नशे के आदी बंदियों को नशा मुक्त करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में दधिराम उप महानिरीक्षक कारागार, धीरेन्द्र गुंज्याल सहायक महानिरीक्षक कारागार और सभी कारागारों के वरिष्ठ अधीक्षक, अधीक्षक और प्रभारी अधीक्षक उपस्थित रहे।