खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन की टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में निरीक्षण अभियान चलाया। इस कड़ी में शनिवार सुबह दीपनगर क्षेत्र में डेयरी का निरीक्षण किया। इस के दौरान दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
संदेह के आधार पर खुले दूध के तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इसके अलावा जीएमएस रोड स्थित एक स्टोर से टोफू पनीर का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया। इस प्रकार कुल चार नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने मसूरी रोड, राजपुर क्षेत्र में विभिन्न रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन रेस्टोरेंटों को स्वच्छता और मानकों में कमी पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया। सभी रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, खाद्य लाइसेंस को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करें और 12 हाइजीन गोल्डन रूल्स का पालन सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।