- नवरात्र के मद्देनजर विकासनगर और हरबर्टपुर की 10 दुकानों व मार्ट में चला चेकिंग अभियान
- दुकानदारों को पैकेट बंद आटा बेचने और एक्सपायरी डेट अंकित करने के सख्त निर्देश
फोटो...
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। नवरात्र में व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और गुणवत्ता परखने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बाजार में सघन चेकिंग अभियान चलाया। विभाग की टीम ने विकासनगर और हरबर्टपुर में करीब 10 दुकानों और शॉपिंग मार्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने कुट्टू व सिंघाड़े के आटे, सेंधा नमक और सोन पापड़ी के एक-एक नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी के नेतृत्व में टीम ने मुख्य बाजार स्थित अनुभव ट्रेडर से कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के साथ ही सेंधा नमक का नमूना लिया। वहीं, कैनाल रोड स्थित जेएम ट्रेडर से सोन पापड़ी का सैंपल एकत्र किया। इसके अलावा विकासनगर और हरबर्टपुर स्थित स्मार्ट प्वाइंट में भी खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेट पर दर्ज जानकारियों को बारीकी से परखा। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की बिक्री में निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई।
खुला आटा बेचने पर रोक, लैब भेजी गई रिपोर्ट
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कुट्टू और सिंघाड़े का आटा खुला न बेचें। आटा पैकेट बंद ही होना चाहिए, जिस पर निर्माण और एक्सपायरी की तिथि स्पष्ट रूप से अंकित हो। इसके अलावा आटे की ब्रांडिंग भी नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि एकत्र किए गए सभी चारों नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित कारोबारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।