विकासनगर। आसन नमभूमि क्षेत्र में बंदरों के लिए सड़क किनारे डाली जा रही खाद्य सामग्री उनकी जान की दुश्मन बन रही है। खाने की तलाश में बंदरों के झुंड सड़क पर दौड़ लगाते हैं और इस दौरान तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर उनकी मौत हो रही है। क्षेत्र में आए दिन बंदरों की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं।
आसन क्षेत्र में बंदरों की संख्या काफी अधिक है। यहां से गुजरने वाले कई वाहन सवार बंदरों को खाद्य सामग्री डालते हैं। वहीं, कुछ लोग प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से बड़ी मात्रा में केले, चना, रोटी, मूंगफली आदि सड़क किनारे डाल देते हैं। खाद्य सामग्री देखते ही बंदरों के झुंड सड़क पर इधर-उधर दौड़ने लगते हैं। इससे सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और कई बंदर वाहनों की चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं।
क्षेत्रवासी श्रवण यादव, अरुण कुमार, गौरव गुप्ता का कहना है कि लोगों को बंदरों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए खाद्य सामग्री सड़क पर नहीं डालनी चाहिए। यदि भोजन सड़क किनारे जंगल में या किसी सुरक्षित खाली स्थान पर डाला जाए तो बंदरों को सड़क पर आने से रोका जा सकता है। इससे उन्हें वाहन दुर्घटनाओं का शिकार होने से बचाया जा सकेगा।
उधर, रेंजर आनंद रावत ने बताया विभाग की ओर से समय-समय पर लोगों को जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद कुछ लोग सड़क पर ही खाद्य सामग्री डाल रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी जिम्मेदारी समझें और सड़क पर खाने का सामान डालने से बचें, ताकि बंदरों को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।