‘नौछमी नारायण’ और ‘कमीशन कु मीट भात’ जैसे गीतों से उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मचाने वाले लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी की राजनीति पर प्रहार करती फेसबुक पर की गई एक पोस्ट फिर चर्चा में है। नेगी की इस पोस्ट को लोगों ने हाथोंहाथ लिया है। पोस्ट पर ताबड़तोड़ कई कमेंट्स आ रहे हैं।
नेगी दा पहले ही कह चुके थे कि इस बार वह राजनीति पर कोई गीत नहीं बनाएंगे। इन गीतों का एक-दूसरे राजनीतिक दलों द्वारा सियासी इस्तेमाल किया जाता है। जिसकी वजह से वह इस चुनाव में अब तक दूरी बनाए हुए थे। लेकिन लगता है नेगी दा के अंदर का गायक प्रदेश के मौजूदा हालातों को देखकर चुप नहीं बैठ सका।
अबकी उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए राजनीति पर कटाक्ष किया है। नेगी दा की आधिकारिक फेसबुक पेज की इस पोस्ट में राज्य में दलबदल और 16 साल के हालात भी बयां किए गए हैं। तो कुछ अन्य पोस्ट नेताओं और माफिया के गठबंधन पर भी कटाक्ष करती हैं। यही नहीं उन्होंने प्रदेश की सत्ता में रहे दो प्रमुख दलों पर निशाना साधा है।