- कृषि मंत्री ने शासकीय आवास पर परिवार के साथ मनाया पर्व
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा, लोक पर्व फूलदेई प्रकृति, खुशहाली और नई ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने यह बात अपने शासकीय आवास पर परिवार के साथ फूलदेई पर्व मानते हुए कही।
पारंपरिक परिधान में मंत्री आवास पहुंचे पर्वतीय संस्कृति समिति और कुर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद के बच्चों ने मंत्री आवास की देहरी पर फूल और चावल अर्पित कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। बच्चों ने फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला-उतुके सई जैसे पारंपरिक लोकगीत गाकर पर्व की खुशियों को और भी बढ़ाया। कृषि मंत्री ने प्रदेशवासियों को लोकपर्व फूलदेई की शुभकामनाएं देते हुए कहा, वसंत ऋतु के आगमन पर मनाया जाने वाला यह पर्व हमारे समाज में प्रेम, सौहार्द और समृद्धि का संदेश देता है। ऐसे लोक पर्व हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान का भाव सिखाते हैं। इस अवसर पर निर्मला जोशी, चंद्रशेखर जोशी, मोनिका रावत, पूनम पंवार, राकेश, प्रियंका प्रधान, बबीता शाह लोहनी, पुष्पा बिष्ट, सीमा बिष्ट, गणेश कांडपाल, विनोद कांडपाल आदि मौजूद रहे।