कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की मांग पर तहसील में प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता।
- फोटो : VIKAS NAGAR
बरसात में पछवादून की विभिन्न ग्राम पंचायतों और पालिका क्षेत्रों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का गुस्सा फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मांग के समर्थन में नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
यूनियन के जिलाध्यक्ष संदीप दुबे ने कहा कि बरसात शुरू हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक नगर पालिकाओं क्षेत्र और गांवों में कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का काम शुरू नहीं हुआ है। दवाओं का छिड़काव न होने से मक्खी-मच्छरों के पनपने का खतरा बना हुआ है। इससे डेंगू, डायरिया, मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। कहा कि नगर पालिका के पास फॉगिंग संबंधी उपकरण भी हैं, इसके बावजूद अब तक क्षेत्र में दवाओं का छिड़काव शुरू नहीं हो सका है। कहा यदि जल्द ही दवाओं का छिड़काव शुरू नहीं होता तो उन्हें आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।
प्रदर्शन करने वालों में विमल तोमर, गुलफाम, पंजाब सिंह मजीठिया, सचिन, संजय खन्ना, जयपाल, रमेश, राहुल, नवीन, संजय, दीवान सिंह, जाकिर, जोगिंदर, कल्लू, प्रवीन कश्यप, नीरज कुमार, नवीन शर्मा आदि शामिल रहे।