धनोल्टी में इस सीजन की पहली बर्फबारी हो गई। वहीं मसूरी में ओलावृष्टि हुई। इस वजह से दून तक ठंड का असर नजर आया। दो दिन के भीतर राजधानी में तापमान में 6.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
पहाड़ों की रानी मसूरी में बदले मौसम के मिजाज के बाद ठंड बढ़ गई है। जिससे लोगों का हाल बेहाल है। वहीं मसूरी के आसपास के क्षेत्र नागटिब्बा, देवलसारी ,सरकुंडा देवी की पहाड़ियों सहित पर्यटन स्थल धनोल्टी में बृहस्पतिवार को ओलावृष्टि और सीजन की पहली हल्की बर्फबारी हुई।
इससे पर्यटकों के चेहरे खिल गए। बर्फबारी की सूचना मिलते ही मसूरी के आसपास के निचले क्षेत्रों से लोगों ने धनोल्टी और मसूरी का रुख कर लिया। पर्यटक हल्की बर्फबारी का भी जमकर मजा ले रहे हैं।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को राजधानी में आंशिक बादल छाए रहेंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। हां, दून से जुड़े मैदानी इलाकों में कोहरा आ सकता है। आने वाले समय में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।