देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधानसभा स्थित कार्यालय में कहा कि शहरी विकास के क्षेत्र में आधुनिक, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि शहरों का विस्तार सुनियोजित तरीके से हो सके। साथ ही जल संरक्षण और जलागम प्रबंधन के माध्यम से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में जल संकट को दूर करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए दीर्घकालिक योजनाएं बनाई जाएंगी। राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शहरी क्षेत्रों का सुनियोजित विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना प्रमुख है। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने शनिवार को विधानसभा परिसर में शासकीय कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी, उत्तराखंड सफाई आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार तथा पूर्व विधायक पूरण फर्त्याल आदि ने कैबिनेट मंत्री कैड़ा को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी।