कलेक्ट्रट कार्यालय में जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण करते नवागत जिलाधिकारी डॉ आर राजेश कुमार?
- फोटो : DEHRADUN
राजधानी के नए जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने मंगलवार को पदभार संभाल लिया। उन्होंने कोषागार पहुंचकर डबल लॉक का निरीक्षण किया और आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर कोषागार का चार्ज लिया। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कौशल विकास योजना के तहत अधिकतम लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने पर फोकस किया जाएगा। अभी कोरोना और मानसून मुख्य चुनौती हैं, जिनसे निपटने के लिए प्रमुखता से काम किया जाएगा।
मंगलवार को पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और मानसून के दौरान आईआरएस सिस्टम को अलर्ट किया जाएगा। चकराता, त्यूनी, कालसी जैसे दुर्गम स्थलों पर खाद्यान्न संकट न हो, इसके लिए गोदामों में खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। शासन स्तर के मामलों के निपटारे के लिए सीएम डेशबोर्ड का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों को लोगों से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों से दुर्व्यवहार करने वाले कर्मियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान सीडीओ नीतिका खंडेलवाल, एडीएम प्रशासन वीर सिंह बुदियाल, एडीएम एफआर गिरीश चंद्र गुणवंत, एसडीएम सदर गोपाल राम बिनवाल, एसडीएम डोईवाला लक्ष्मीराज चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, मायादत्त जोशी, अवधेश कुमार, रोमिल चौधरी, वीरेंद्र सिंह, गिरीश लाल समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।