बल्लीवाला, बल्लूपुर चौक पर जाम से जूझने वालों के लिए नया साल अच्छा है, क्योंकि इसी साल मार्च तक दोनों फ्लाई ओवर का काम पूरा होने की उम्मीद है।
फिर तो लोग जाम में फंसे बिना फर्राटा भर सकेंगे। नए साल में मार्च तक आईएसबीटी फ्लाई ओवर का काम भी पूरा होना है। सहारनपुर रोड पर सफर करने वालों के लिए राहत मिलेगी। एक और गुड न्यूज यह है कि जोगीवाला फ्लाई ओवर अब दो नहीं चार लेन का हो गया है। शासन ने चार लेन के लिए मंजूरी दे दी है।
बल्लीवाला और बल्लूपुर फ्लाई ओवर बनाने वाली कार्यदायी संस्था इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (ईपीआईएल) के प्रोजेक्ट प्रभारी आलोक श्रीवास्तव की मानें तो दोनों फ्लाई ओवरों का काम करीब 70 फीसदी पूरा हो गया है। श्रीवास्तव ने बताया कि कोशिश रहेगी कि बल्लीवाला फ्लाई ओवर का काम जनवरी में पूरा हो जाए, बाकी कमी मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।
बल्लूपुर को मार्च में हर हाल में पूरा करके देना है। इस साल लोग बल्लीवला और बल्लूपुर दोनों फ्लाई ओवरों पर फर्राटे भर सकेंगे। इसी तरह आईएसबीटी फ्लाई का काम मार्च-अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि सहारनपुर रोड पर फ्लाई का काम पूरा करने और इसे चालू करने के बाद इसे हरिद्वार रोड से जोड़ा जाएगा।
लोगों का आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। ईपीआईएल के प्रोजेक्ट प्रभारी श्रीवास्तव ने बताया कि जोगीवाला को फोर लेन बनाए जाने के संबंध में शासन ने हाल में ही मंजूरी दे दी है। इस फ्लाई ओवर का काम जल्दी से पूरा किया जाएगा।
मिला वन भूमि हस्तांतरण का मौका
देहरादून। गैर वानिकी कार्यों के लिए पांच हेक्टेयर तक वन भूमि हस्तांतरण के लिए इसी महीने राज्य सरकार को अधिकार मिल गया है। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के कहने पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए अधिकार अवधि एक साल और बढ़ा दी है।
इससे रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ समेत पांच जिलों में विकास कार्यों के लिए पांच हेक्टेयर तक वन भूमि हस्तांतरण के लिए केंद्र सरकार के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार को 13 श्रेणी के विकास कार्य के प्रस्ताव पास करने का अधिकार है। इसमें सामुदायिक भवन, स्कूल, सरकारी प्रतिष्ठान आदि के प्रस्ताव पास हो सकेंगे।