ब्लाॅक व तहसील प्रशासन की टीम ने किया मुआयना
कुंजाग्रांट में बरसाती नाले से हुई तबाही के आकलन के लिए गांव में तहसील प्रशासन व खंड विकास कार्यालय की टीम पहुंची। इस दौरान उन्होंने आपदा पीड़ित परिवारों से बात की। क्षेत्रीय पटवारी डिंपल यादव ने बताया कि बारिश के पानी से जिन घरों को नुकसान हुआ है, उनकी रिपोर्ट तैयार करके उप जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी। खंड विकास कार्यालय की टीम ने भी ग्राम विकास अधिकारी जयेंद्र पंवार के नेतृत्व में मौका मुआयना करके अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजने की बात कही है। एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार ने बताया कि आपदा से ग्राम कुंजाग्रांट में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। इस संबंध में सिंचाई विभाग की टीम को भी मौके पर रवाना किया गया है। नुकसान का आकलन करके पीड़ित परिवारों की आवश्यक मदद की जाएगी।
आसन नदी में गिरता है पथरी रौ बरसाती नाला
शिवालिक की पहाड़ियों से निकलने वाला पथरी रौ नाला ग्राम कुंजाग्रांट के बीच से होकर आसन नदी में गिरता है। हर साल बरसात के मौसम में अधिक बारिश होने के साथ ही नाला उफान पर आ जाता है, जिससे इसका पानी गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राजकीय हाईस्कूल के पास से गुजरता है। पहले भी नाले का पानी स्कूलों से लेकर आसपास के घर-मकानों में जलभराव की स्थिति पैदा कर चुका है।