डीएम सी रविशंकर ने कहा कि हवाई सेवा का शुभारंभ आठ अक्तूबर को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से होगा। उन्होंने अधिकारियों से यहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। इस दौरान एडीएम आरडी पॉलीवाल, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय, सीओ शेखर चंद्र सुयाल, तकनीकी विभाग के विक्रम सिंह, कुलदीप सिंह, विनोद कुमार, धर्मवीर, अग्निशमन अधिकारी अमित वर्मा, केसी पांडे, मुकेश यादव, सुभाष अंथवाल आदि मौजूद थे। एयरपोर्ट परिसर में लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब एयरपोर्ट में तैनात अधिकारी और कर्मचारियों के अलावा केवल यात्री ही परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार देहरादून के जौलीग्रांट में आठ अक्तूबर को शुभारंभ होगा। नैनीसैनी हवाई पट्टी से नवरात्रों में नियमित उड़ान शुरू होगी। यात्रियों की संख्या के आधार पर विमान की उड़ान तय होगी। अधिक यात्री होने पर विमान एक दिन में तीन चक्कर भी लगा सकता है। टिकट की बुकिंग सहित अन्य जानकारियों को लेकर हेरिटेज एविएशन की ओर से विज्ञप्ति जारी की जाएगी। ट्रायल लैंडिंग की कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद सीमांत की जनता में उत्सुकता बढ़ गई है। हवाई सेवा शुरू होने को लेकर लोग काफी उत्साहित हैं।