गोमुख में अब से किसी यात्री या पर्यटक ने गंदगी फैलाई तो उससे पांच हजार जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माना वसूलने के लिए डीएम ने गंगोत्री नेशनल पार्क के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
गंगोत्री से गोमुख के बीच कई रमणीक स्थल हैं। तपोवन, नंदनवन ट्रैकिंग स्थल हैं, जहां हर साल सैकड़ों पर्वतारोही जाते हैं। हर साल यात्रा सीजन में सैकड़ों यात्री भी जल भरने गोमुख जाते हैं। कुछ यात्री व पर्यटक कई बार वहां प्लास्टिक व अन्य सामान छोड़ देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है।
इससे ग्लेशियर को भी नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने उप निदेशक गंगोत्री नेशनल पार्क को निर्देश दिए हैं कि गंगोत्री से गोमुख जाने वाले पर्यटक और यात्री यदि गंदगी फैलाते हैं तो प्रत्येक से 5000 रुपये नकद धनराशि बतौर जुर्माना वसूला जाए।
साथ ही कहा कि आवाजाही करने वालों पर स्वच्छता को लेकर कड़ी निगरानी रखें। पार्क में तैनात कर्मचारियों को भी अलर्ट जारी किया गया है।