नेपाल के प्रदेश नंबर सात के बझांग जिले में बरसाती नाले में बहकर दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में दंपति, दो बच्चे बच्चे और उनका एक संबंधी शामिल है।बझांग प्रहरी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात आठ बजे थलारा गांव पालिका वार्ड संख्या चार निवासी हर्क विक (30), उसकी पत्नी डल्की (26), बेटी मनीषा (12), बेटा सक्षम (3) और डिल्लर गांव निवासी उनका संबंधी कलसी विक (35) बाजार से खरीदारी कर लौट रहे थे।
इस बीच खहर खोले में मूसलाधार बारिश के चलते नाला उफान पर आ गया, जिससे पांचों पानी के तेज बहाव में बह गए। देर रात तक खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला।
बझांग के डीएसपी ऋषिराज कंडेल ने बताया कि नेपाल प्रहरी के जवानों ने खोजबीन के दौरान रविवार दोपहर सभी के शव बरामद कर लिए हैं। शव घटनास्थल से पांच सौ मीटर दूर मिले। बता दें कि तीन दिन पहले भी जय पृथ्वी राजमार्ग के अंर्तगत पड़ने वाले इस नाले में एक जीप बह गई थी। इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी।