गुरुवार को दो अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।
पहला हादसा गुरुवार की सुबह बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर तोताघाटी के पास हुआ। जहां मारुति रिट्ज कार (DL8cad3716) खाई में गिर गई, जिससे भाई-बहन की मौत हो गई।
कार में सवार लोग दिल्ली से अपने गांव बिंदा पंतगांव देव प्रयाग आ रहे थे। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में मोहन सिंह, सुनीता चौहान, श्रेया, राजेंद्र सिंह पंवार, यशोदा व राहुल सवार थे। जिसमें से सुनीता और राजेंद्र की मौत हो गई।
उधर, हरिद्वार में थाना श्यामपुर क्षेत्र के हरिद्वार नजीबाबाद रोड पर कांगड़ी के पास गुरुवार को हादसा हो गया। यहां कार और स्कूटर में इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि स्कूटर सवार तीनों लोगों की मौत हो गई।
सभी मृतक एक ही परिवार के थे और हरिद्वार से नजीबाबाद जा रहे थे। कार ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मरने वाले मां, बाप और बेटा सैनीपुरा चांदपुर बिजनौर के रहने वाले हैं।