देहरादून। कैबिनेट बैठक में आपदा से क्षतिग्रस्त पक्के आवासीय मकानों के लिए पांच लाख की सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है। जबकि कच्चे मकानों के लिए आपदा मद से निर्धारित सहायता राशि के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख की अतिरिक्त धनराशि (कुल तीन लाख) दिए जाएंगे। आपदा की घटनाओं में व्यावसायिक भवनों को हुई क्षति के मामलों में केस टू केस विचार कर सहायता राशि दिए जाने का निर्णय लिया है। वहीं धराली व अन्य क्षेत्रों में आई आपदा से हुए नुकसान के लिए दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाए गया है। साथ ही आपदा में मृतक व्यक्तियों के आश्रितों को दी जाने वाली सहायता राशि को चार लाख से बढ़ाकर पांच लाख करने का निर्णय लिया है। प्रदेश में इस बार मानसून में आई आपदा में भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। आपदा में 334 मकान पूरी तरह से ध्वस्त (70 प्रतिशत से अधिक नुकसान) हुए हैं।