नारी निकेतन में सुरक्षा और सुधार के तमाम दावों के बीच शनिवार रात बड़ी चूक उजागर हुई है। यहां से पांच बालिकाएं रात के अंधेरे में निकल गई। पास की एमडीडीए कालोनी में रात में चोरों का शोर मचा तो वह पकड़ में आई, तब जाकर उनकी फरारी का राज खुल सका।
कहा जा रहा है कि बालिकाएं दीवार फांदकर निकली है। जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट ने नारी निकेतन पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल की है। नारी निकेतन में मूक बघिर से दुराचार और गर्भपात के मामले में व्यापक कार्रवाई के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है।
नारी निकेतन प्रशासन की तरफ से शनिवार रात दस बजे के करीब कंट्रोल रूम में पांच लड़कियों के निकलने की सूचना दी गई। यह नहीं बताया गया कि लड़कियां किस समय निकली। पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी। इसी बीच नारी निकेतन के पास की एमडीडीए कालोनी में चोरों के आने का शोर मच गया।