द वॉइस इंडिया का खिताब जीतने के बाद उत्तराखंड की शान पवनदीप कुमाऊं लौट आए हैं। देखिए, घर में कैसे किया गया पवनदीप का जोरदार स्वागत...
पवनदीप शनिवार सुबह हल्द्वानी पहुंचे। हल्द्वानी और रुद्रपुर में भी उनके कार्यक्रम थे, लेकिन उनकी बहन की तबीयत खराब हो जाने के कारण उन्हें सीधे चंपावत लौटना पड़ा। उनके पिता सुरेश राजन का कहना है कि वह जल्द ही हल्द्वानी आकर अमर उजाला का आभार जताएंगे।
बावजूद इसके उनके प्रशंसकों ने उन्हें जगह-जगह रोक लिया और उनका जोरदार स्वागत किया। चंपावत जिले की सीमा में प्रवेश करते ही बनबसा में लोगों ने पवनदीप का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
ग्लोबल विजन कैंसर केयर संस्था परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने पवनदीप और उसके पिता सुरेश राजन को बधाई दी। इस मौके पर उत्तम चंद, पवन मित्तल, शंकर लाल वर्मा, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी, ललित वर्मा, जीवन सिंह पोखरिया, शकील अहमद मंसूरी, कमलेश भट्ट, दीपक रजवार, अमजद भाई आदि थे।
चमकते सितारे के साथ फोटो खिंचवाने की होड़
टनकपुर में विचई के पास प्रशंसकों ने पवनदीप का जोरदार स्वागत किया। सुरेश खर्कवाल की अगुवाई में बाइक और वाहनों के काफिले के साथ टनकपुर लाए गए पवनदीप ने शहर का भ्रमण कर लोगों का अभिवादन किया।
नंदा कान्वेंट स्कूल में आयोजित स्वागत समारोह में स्कूल की निदेशक जानकी खर्कवाल ने पवनदीप को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रशंसकों में माया नगरी की रंगीन दुनिया में चमकते सितारे के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही।
पवनदीप ने हारमोनियम बजाकर प्रशंसकों को एक गीत भी सुनाया। स्वागत करने वालों में कामरान अंसारी, योगी ज्याल, भैरव दत्त पांडेय, राजू रावत, बाबी भट्ट, अमित भट्ट, जगदीश चंद, सभासद देवेंद्र सिंह, वरिष्ठ खिलाड़ी लक्ष्मण सिंह पाटनी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अमित भट्ट, छात्र नेता मो. हारून आदि शामिल थे।