12 वर्षीय महेश पुत्र गंगा लाल निवासी ग्राम भेटी बॉल लेने आंगन में पहुंचा तो वहां कंडारस्यूं निवासी एक पूर्व सैनिक के साथ शराब पी रहे एक ग्रामीण ने वहाँ रखी लोडेड बंदूक से बच्चे पर फायर झोंक दिया, जिससे महेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घायल बच्चे को बेेलेश्वर अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। तहसीलदार राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीण किस मकसद से बंदूक लेकर आया था और बंदूक का लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
राजस्व पुलिस के मुताबिक महेश के साथ क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने बताया कि महेश पर गोली चलाने के बाद दोनों लोग बच्चे को मृत समझकर घर के पीछे गैलरी में ले जाने लगे तो उन्होंने शोर मचा दिया। इसी बीच घायल बच्चे की दादी पूर्णा देवी भी वहां पहुंच गई और उनके शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।