हरबर्टपुर में पंजाब सिंध बैंक के सामने एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान के गोदाम में मंगलवार को आग लग गई। कुछ ही देर में दुकान से आग की बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगीं। दुकान के बगल में खराद मशीन पार्टस की दुकान भी उसकी चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची डाकपत्थर और सेलाकुई अग्निशमन केंद्र की टीम ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। शाॅर्ट सर्किंट को दुकान के गोदाम में आग लगने का कारण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार हरर्बटपुर बाजार में सहसपुर के बैरागीवाला निवासी अमर की कश्यप इलेक्ट्रानिक्स के नाम से दुकान है। मंगलवार शाम करीब चार बजे उनकी दुकान के पीछे बने गोदाम से पहले तेज धुआं और फिर आग की लपटे उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस बीच दुकान के बगल में आसन बैराज निवासी इशरत की खराद मशीन की दुकान भी आग की चपेट में आ गया। सूचना पर डाकपत्थर अग्निशमन केंद्र से एक के बाद एक तीन बड़े और एक छोटा दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। जब तीनों वाहनों में पानी कम पड़ गया तो सेलाकुई से एक बड़ा दमकल मंगवाया गया। करीब डेढ़ घंटे के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया गया।
डाकपत्थर अग्निशमन केंद्र प्रभारी पीएस नेगी ने बताया कि अगलगी के कारणों की जांच और दुकानों में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया में शॉर्ट सर्किंट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।