अस्पताल रोड पर दीपावली के लिए लगी कपड़ों की सेल की एक दुकान के टेंट में बृहस्पतिवार की देर रात आग लग गई। आसपास के लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाजार बंद हो जाने के बाद टेंट पर पटाखे की चिंगारी गिरी। धीरे-धीरे आग भड़कने लगी। लोगों ने बिना देर किए आग पर पानी डालना शुरू कर दिया। इससे कुछ ही देर में आग बुझ गई। अस्पताल रोड के बाजार में काफी दुकानें लगी हैं। यदि आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जाता तो घटना भीषण रूप ले सकती थी। स्थानीय निवासी खजान सिंह, बंटी, वासुदेव शर्मा, अमित ने बताया कि घटना के बाद अधिकतर दुकानों के सामने लगे टेंट को सुरक्षा की दृष्टि से रात में ही उतार दिया गया। उधर, अग्निशमन अधिकारी पीएस नेगी ने बताया घटना की जानकारी विभाग को नहीं दी गई थी।