फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिंदा जलने से बचा मर्चेंट नेवी कर्मी का परिवार, दो पुलिसकर्मियों ने जान पर खेलकर बचाई छह जानें

Sun, 07 Jul 2019 10:37 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

देहरादून के दशमेश विहार में मर्चेंट नेवी में इंजीनियर विक्रांत का परिवार शनिवार सुबह मकान में लगी आग में अनहोनी का शिकार होने से बच गया। कार और स्कूटी में लगी आग से निकले धुएं के गुब्बार में विक्रांत और उसके परिवार के पांच सदस्य बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुंचे चीता मोबाइल के दो जवानों ने सभी को सुरक्षित निकाल लिया। इसके बाद आई फायर बिग्रेड ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। 

विज्ञापन


रायपुर थाना क्षेत्र के दशमेश विहार निवासी विक्रांत मर्चेंट नेवी में हैं। इन दिनों वह छुट्टी पर आए हुए हैं। शनिवार अल सुबह पार्किंग में खड़ी उनकी कार में अचानक आग लग गई। आग ने पास में खड़ी स्कूटी और दरवाजों को भी अपनी चपेट में ले लिया। मकान में सो रहे विक्रांत और परिवार के दूसरे सदस्यों को इसकी भनक नहीं लग गई। धुएं का गुब्बार उनके कमरों तक पहुंचा तो उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई।

आंखें खुली तो पूरे परिवार में अफरातफरी मच गई। परिवार के सदस्याें ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए। आग की लपटों और धुएं के कारण परिवार बाहर नहीं निकल पा रहा था। सूचना मिलते ही चीता मोबाइल के जवान फैजान अली और राजेश कुंवर मौके पर पहुंच गए। दोनों जवान अपने मुंह पर गीला कपड़ा बांधकर अंदर घुस गए। जवानों ने अंदर फंसे विक्रांत (37) उनके पिता राम नारायण (69), पत्नी निशा (35), बेटे युनय (4), युआन (2) के अलावा अन्जय (15) को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला।  

विज्ञापन
विज्ञापन

इसी बीच रायपुर थाना पुलिस और दमकलकर्मी भी पहुंच गए। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया। आग में कार और स्कूटी पूरी तरह जल गई है। आग में काफी संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि चीता मोबाइल के सिपाही फैजान अली और राजेश ने सराहनीय काम किया है। एसएसपी की तरफ से उन्हें सम्मानित किया जाएगा।  

शार्ट सर्किट से आग की आशंका 
विक्रांत के घर में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। पुलिस जांच में अब तक यही तथ्य सामने आया है। एसओ रायपुर चंद्रभान अधिकारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है।

पुलिस जवानों का जताया आभार
विक्रांत ने भी पुलिसकर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सिपाहियों ने परिवार को सुरक्षित निकालने में भरपूर सहयोग दिया है। धुएं के गुब्बार की वजह से दम घुट रहा था। खासतौर से बुजुर्ग पिता और बच्चे ज्यादा घबरा गए थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें