रुड़की में भी दिवाली की रात एक ग्रामीण के घर में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि परिवार वालों की आंख खुल गई और उन्होंने घर से बाहर निकलकर जान बचाई। वहीं, आग से घर में रखा अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं, ग्रामीण ने एक व्यक्ति पर घर में आग लगाने का शक जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव टोडा कल्याणपुर निवासी अनुज सैनी किसान हैं। उनके परिवार में पत्नी समेत तीन सदस्य हैं। अनुज सैनी के अनुसार, दीपावली की रात पूजा पाठ करने बाद वह खाना खाकर घर के आंगन में छप्पर के नीचे सो रहे थे जबकि परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि रात तीन बजे किसी ने आग लगाने के लिए घर में कुछ सामान फेंका और अचानक आग भड़क गई।
लपटें देख उनकी आंख खुली तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिवार के सदस्य भी उठ गए। देखते ही देखते ने आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। उन्होंने किसी तरह परिवार के सदस्यों के साथ घर से बाहर निकलकर जान बचाई और शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए और मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकतर सामान जलकर राख हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची। अनुज ने बताया कि उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति को भागते हुए देखा था। आशंका जताई कि उसी ने घर में ज्वलनशील पदार्थ फेंक आग लगाई है।
आग से चारपाई समेत अन्य सामान जल गया। गनीमत रही कि आग की चपेट में परिवार के सदस्य और बाइक व सिलेंडर नहीं आया। अगर सिलेंडर में आग पकड़ लेती तो बड़ा हादसा हो सकता था। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तहरीर आने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।