प्रेमनगर और सेलाकुई थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लग गई। अग्निशमन केंद्र सेलाकुई की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 10:55 पर भाऊवाला में पेट्रोल पंप के पास खाली खेत की झाड़ियों में आग लग गई। सूचना पर अग्निशमन केंद्र सेलाकुई से दमकल मौके पर पहुंचे और आग को बुझा दिया। अगर आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। इसके अलावा दोपहर करीब 3:24 पर सुद्धोवाला पॉलीटेक्निक के पीछे टिकोला भवानी मंदिर के पास जंगल में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने आग पर कुछ ही देर में काबू पा लिया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंधा में दोपहर 3:42 पर मधु सेमवाल के घर के पीछे जंगल में अचानक आग लग गई। दमकलकर्मियों ने झाबे का प्रयोग कर आग को बुझा दिया।
प्रभारी एफसओ सेलाकुई ईशम सिंह ने बताया कि तीनों अगलगी की घटनाओं के दौरान जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने लोगों से घरों, जंगलों और खाली प्लॉट आदि में कूड़ा न जलाने की अपील भी की है।